सिटी फॉरेस्ट पार्क में योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब…

Spread the love

 

देहरादून, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रकृति की हरियाली और शांत वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्धन, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति उच्च की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि है तथा राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के समापन पर एमडीडीए उपाध्यक्ष ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक लाभों की जानकारी भी दी गई।

योग दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने 12 एकड़ क्षेत्र में विकसित सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, साइकिल ट्रैक, कैफेटेरिया, थ्री-डी मूवी थिएटर, ओपन जिम, ओपन थिएटर, सोलर प्लांट और ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पार्क में आने वाले लोगों की राय जानने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने पार्क की स्वच्छता, हरित क्षेत्र और पर्यावरणीय व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क शहरी जीवन के बीच प्रकृति से जुड़ने का उत्कृष्ट माध्यम बनकर उभरा है। वहीं एमडीडीए ने निर्देशों के अनुरूप पार्क में डिजिटल सेवाओं और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने की प्रक्रिया शुरू करने करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *