कुसुम कांता फाउंडेशन के छठवें स्थापना दिवस पर छात्रवृत्ति एवं सम्मान समारोह आयोजित

Spread the love

देहरादून, 8 सितंबर। कुसुम कांता फाउंडेशन के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सेवा सदन में छात्रवृत्ति वितरण एवं ‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

कुसुम कांता फाउंडेशन एवं मंथन वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 40 से अधिक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं एनएसएस समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया।

फाउंडेशन की संस्थापक विदुषी ‘निशंक’ ने संस्था के उद्देश्यों और शिक्षा व समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक अवसर और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना फाउंडेशन की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फाउंडेशन और मंथन वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रवृत्ति को विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा और ऊर्जा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदना और राष्ट्र निर्माण की नींव भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री खजानदास ने कुसुम कांता के शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के प्रति समर्पित जीवन को याद करते हुए कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। ऐसे में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।

कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो प्रदेश मंत्री एवं भारत सरकार के स्थायी अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल और मोनिका शर्मा ने किया। समारोह में विधायक सविता कपूर, पद्मश्री आर.के. जैन, पद्मश्री कल्याण सिंह मेहता, राज्यमंत्री कर्नल अजय कोठियाल, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, शोभाराम प्रजापति, मधु भट्ट, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, पद्मश्री प्रेम चंद शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान फाउंडेशन की गतिविधियों पर आधारित दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति के साथ कविता प्रस्तुति भी हुई। वहीं कविता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *