थाना कोतवाली मसूरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नाली कला के पास एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया। हादसा रात में तेज बारिश और घने कोहरे के चलते हुआ। पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ व तत्परता से घायल को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
मामला शुक्रवार रात का है, जब ग्राम प्रधान, नाली कला ने थाना प्रभारी को सूचना दी कि सुवाखोली से करीब 3 किलोमीटर आगे एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही चौकी बाटाघाट से ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी व थाना मसूरी से अतिरिक्त पुलिस बल को आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना किया गया। साथ ही एसडीआरएफ और फायर सर्विस को भी RT सेट के माध्यम से सूचना दी गई।
बारिश और कोहरे की चुनौती के बावजूद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब 300 मीटर गहरी खाई में फंसे घायल को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए कम्युनिटी हॉस्पिटल लंढौर भेजा गया।
घायल की पहचान सुरेश पायल (उम्र 48 वर्ष), निवासी ग्राम नाली कला, पोस्ट ऑफिस सरोना, सुवाखोली के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी स्कूटी (UK07AL 2285) से गांव की ओर लौट रहे थे, तभी फिसलन और खराब मौसम के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गए। गनीमत रही कि उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।
रेस्क्यू टीम में शामिल थे
1. अपर उपनिरीक्षक बुद्धि प्रकाश, कोतवाली मसूरी
2. हेड कांस्टेबल वीरेंद्र तोमर
3. होमगार्ड अंकित तोमर
4. होमगार्ड पवन
पुलिस व स्थानीय नागरिकों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। थाना मसूरी द्वारा मामले में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

