मसूरी। मसूरी-सुवाखोली मार्ग के बीच तिपरतीधार स्थित ‘द कियाना’ होमस्टे में 15 जून 2026 को परूपुड़ी राधा गायत्री की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने पर जिला मजिस्ट्रेट देहरादून के आदेश पर उप जिला मजिस्ट्रेट, मसूरी राहुल आनंद को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस मामले में कोतवाली मसूरी में मुकदमा अपराध संख्या 19/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज है। उप जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, घटना के संबंध में जिस किसी व्यक्ति के पास कोई तथ्य, जानकारी या साक्ष्य उपलब्ध हो, वह 17 जुलाई 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में उनके न्यायालय/कार्यालय, देहरादून में उपस्थित होकर मौखिक अथवा लिखित रूप में अपना पक्ष एवं साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई महत्वपूर्ण जानकारी या साक्ष्य हो तो वह निर्धारित तिथि तक जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच में सहयोग करें।

