लगातार बारिश से मसूरी में भूस्खलन, पालिका अध्यक्ष ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

Spread the love

मसूरी:पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश का असर अब मसूरी में साफ दिखाई देने लगा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हो गया है। हालात का जायजा लेने के लिए नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

हुसैनगंज क्षेत्र में भारी बारिश के चलते रास्ते का पुश्ता भरभराकर गिर गया, जिससे नीचे स्थित एक मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने स्थानीय सभासद पवन थलवाल के साथ प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षति का आकलन कर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद पालिका अध्यक्ष ने काला स्कूल क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां एक निर्माणाधीन स्थल से निकला मलबा नाले और सड़क पर जमा होने से आवागमन बाधित हो गया था। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति को चेतावनी दी गई और मौके पर ही नाले की सफाई कराकर मार्ग को सुचारु कराया गया।

निरीक्षण के दौरान काला स्कूल के पास स्थित नगर पालिका के हवाघर पर किए गए अवैध अतिक्रमण को भी हटाया गया। इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय सभासद सचिन गुहर और नगर पालिका की टीम भी मौजूद रही।

पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी खतरे की स्थिति बन रही है, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *