मसूरी: विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर कोतवाली मसूरी पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए थाना क्षेत्र में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर जाकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और उनकी आवश्यकताओं व समस्याओं को समझने का प्रयास किया।
वार्तालाप के दौरान अधिकतर वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि उनके परिजन रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे शहरों या विदेशों में रहते हैं, हालांकि समय-समय पर मिलने आते रहते हैं। पुलिस ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी आवश्यकता या आपात स्थिति में वे तुरंत मदद के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इस दौरान पुलिस द्वारा अपने संपर्क नंबर साझा किए गए और बुजुर्गों को भरोसा दिलाया गया कि वह हर समय उनकी सहायता के लिए तत्पर हैं। वरिष्ठ नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और स्वयं को सुरक्षित महसूस करने की बात कही।
मसूरी पुलिस की इस मानवीय पहल को न केवल वरिष्ठ नागरिकों, बल्कि स्थानीय जनता और विभिन्न वर्गों द्वारा भी सराहना मिली है। यह पहल समाज में सुरक्षा, भरोसे और सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करती है।

