भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) उत्तराखंड ने प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंडोली के नेतृत्व में सोमवार को महानगर भाजपा कार्यालय से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक एक बड़ी विरोध रैली निकाली। यह रैली तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा हिन्दू देवताओं और धार्मिक आस्थाओं पर दिए गए विवादित और भावनाएँ आहत करने वाले बयान के विरोध में आयोजित की गई।
BJYM के वक्तव्यों के अनुसार, रेवंत रेड्डी ने एक कांग्रेस कार्यक्रम में हिन्दू धर्म का मज़ाक उड़ाते हुए देवताओं की संख्या और विविधताओं पर अपमानजनक टिप्पणी की। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “हिन्दू धर्म में 3 करोड़ देवता हैं—अविवाहितों, दो बार विवाह करने वालों, शराब पीने वालो” आदि के लिए अलग-अलग देवता होते हैं। युवा मोर्चा ने इसे करोड़ों हिन्दू श्रद्धालुओं के प्रति असम्मान बताया।
संगठन ने आरोप लगाया कि यह बयान कांग्रेस की हिन्दू आस्था के प्रति असंवेदनशील मानसिकता को उजागर करता है, और पार्टी के नेताओं द्वारा ऐसे विवादित वक्तव्य बार-बार सामने आते रहे हैं।
BJYM ने मांग की कि रेवंत रेड्डी अपना बयान तत्काल वापस लें और देश से सार्वजनिक माफी मांगें। युवा मोर्चा ने चेतावनी दी कि सनातन धर्म, हिन्दू देवताओं और सांस्कृतिक धरोहर के अपमान को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
रैली का समापन इस दृढ़ संकल्प के साथ हुआ कि BJYM लोकतांत्रिक दायरे में रहते हुए उन सभी प्रयासों का विरोध करता रहेगा, जो सनातन परंपरा या हिन्दू आस्था को ठेस पहुँचाने का काम करते हैं।

