मसूरी, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मसूरी क्षेत्र के विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय लंढौर कैंट में भाजपा महानगर जिला उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा पड़ियार ने बच्चों को पर्यावरण के महत्व और वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बच्चों ने भी संवाद में भाग लिया तथा आर्ट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपहार प्रदान किए गए।
वहीं रोटरी क्लब मसूरी द्वारा “ए ग्रीन स्टेप टुवर्ड्स एनवायरनमेंट” परियोजना के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय झड़ीपानी में पौधा वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में 38 पुष्पीय पौधों का रोपण किया गया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
दोनों कार्यक्रमों में बच्चों को प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

