विदुषी निशंक को मिला पहला ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’

Spread the love

देहरादून/उत्तराखंड । उत्तराखंड की बेटी और अधिवक्ता विदुषी निशंक को शिक्षा, न्याय, साहित्य तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रथम ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (PMML) ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने विदुषी निशंक को सम्मानित किया।

विदुषी निशंक पेशे से अधिवक्ता होने के साथ भारत के प्रथम ‘लेखक गाँव’ (Writers’ Village) की निदेशक भी हैं। सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए वह अपनी दिवंगत माता की स्मृति में स्थापित कुसुम कांता फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

कानून के क्षेत्र में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली विदुषी निशंक ने यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से एलएलएम किया है। इसके अलावा वह यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के लिए कॉमनवेल्थ स्कॉलर भी रही हैं। शिक्षा, विधि और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रियता को महिला सशक्तिकरण तथा युवा नेतृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान के तौर पर देखा जा रहा है।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों को भी ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ से नवाजा गया। इनमें प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यांगना शोवना नारायण, भारतीय फिल्म एवं मीडिया क्षेत्र से संदीप मारवाह, लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज सिन्हा, स्वामी प्रेम अन्वेष जी महाराज और श्रीमती स्वाति गर्ग सहित कई नाम शामिल रहे।

विदुषी निशंक को मिले इस सम्मान को उत्तराखंड के लिए भी गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *