मसूरी के लंढौर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या और रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद में पालिकाध्यक्ष की अध्यक्षता में स्थानीय व्यापारियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने लंढौर बाजार में वाहनों के बढ़ते दबाव और जाम की समस्या को उठाते हुए प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग की। इस पर पालिकाध्यक्ष ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि स्कूल समय के दौरान लंढौर बाजार और घंटाघर क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए।
इसके साथ ही बाजार में अतिक्रमण और सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर भी सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। कर अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि व्यापारियों से दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया जाए और वाहनों को केवल बूचड़खाना पार्किंग में ही खड़ा कराया जाए, ताकि मुख्य मार्ग बाधारहित रह सके।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि व्यापारियों के सहयोग से बुधवार से सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नगर पालिका जैपी बैंड, घंटाघर, साउथ रोड, सिविल रोड और अनुपम चौक सहित प्रमुख स्थानों पर नए यातायात संकेतक (साइन बोर्ड) लगाएगी। साथ ही मसूरी की वन-वे यातायात व्यवस्था को गूगल मैपस पर अपडेट कराने के लिए क्षेत्राधिकारी मसूरी को पत्र भेजा जाएगा, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सही मार्ग की जानकारी आसानी से मिल सके।
नगर पालिका का कहना है कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से लंढौर क्षेत्र में यातायात अधिक सुचारु होगा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

