मसूरी में युवक ने खंडहर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

मसूरी के बार्लोगंज क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह नगर पालिका परिषद बार्लोगंज की पार्षद शिवानी भारती ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवक ने अपने निवास के पास स्थित खंडहर में फांसी लगा ली है।

सूचना मिलते ही बार्लोगंज चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान 20 वर्षीय आदि दिवाकर पुत्र पुरुषोत्तम कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिजनौर उत्तर प्रदेश का निवासी था और वर्तमान में बार्लोगंज स्थित नेगी निवास में रह रहा था।

पुलिस जांच में पता चला कि युवक बार्लोगंज स्थित प्लूटस होटल में किचन हेल्पर के तौर पर कार्य करता था। शनिवार रात करीब 8 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह होटल से निकला था, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचा। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने रात के दौरान खंडहर की छत पर पंखे के कुंडे से चुन्नी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की।

मौके पर पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर जांच शुरू की। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल मसूरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *