मसूरी देहरादून मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, पानी का टैंकर मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान गज्जी बैंड से कुछ दूरी नीचे पहुंचते ही टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना सुबह लगभग 5:53 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने घायल चालक को क्षतिग्रस्त टैंकर से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल सिविल अस्पताल मसूरी भिजवाया। वहीं घटना की जानकारी चालक के परिजनों और टैंकर मालिक को भी दी गई, जिसके बाद टैंकर मालिक भी मौके पर पहुंचे।
हादसे में घायल चालक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि चालक की उम्र लगभग 25 वर्ष थी। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं पंचायतनामा की प्रक्रिया की जा रही है।

