मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना सुबह करीब 5:30 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद कोतवाली मसूरी की टीम तुरंत राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फायर सर्विस, SDRF और 108 एम्बुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, मसूरी झील से करीब 200 मीटर आगे देहरादून की दिशा में जा रहा ट्रक (UK 07 CB 1727) अचानक नियंत्रण खो बैठा और लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। ट्रक में कोल्ड ड्रिंक, तेल और अन्य राशन सामग्री लदी हुई थी, जो देहरादून रेलवे स्टेशन से उत्तरकाशी की ओर ले जाई जा रही थी।
इस हादसे में ट्रक चालक मुबारिक (36 वर्ष), निवासी टिमली, सहसपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर साजिद (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और SDRF की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक के शव और घायल को खाई से बाहर निकाला।
घायल को 108 एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों और वाहन स्वामी को घटना की सूचना दे दी है। वहीं शव को मोर्चरी में रखवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई, पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

