मसूरी: नगर पालिका परिषद मसूरी ने हाल ही में आए भीषण तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित पटरी व्यापारियों को राहत राशि वितरित करते हुए कपड़ा व्यवसायियों को ₹15,000 तथा अन्य प्रभावित व्यापारियों को ₹8,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन एवं सभासदों की मौजूदगी में राहत वितरण किया गया। वहीं, 20 जून को मॉल रोड पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पालिका कर्मियों और अधिकारियों के साथ अभद्रता करने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी संजय टम्टा के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज करा दी है। पालिका ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर अन्य दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मॉल रोड और किताबघर चौक पर अनाधिकृत रूप से सामान बेचते पाए गए व्यक्तियों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और सौंदर्यकरण में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

