देहरादून जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू (हीट वेव) को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और एनडीएमए की चेतावनी के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को अत्यधिक गर्म दिन रहने की संभावना है, जिससे आमजन और विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लू के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है, इसलिए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, ओआरएस, ठंडा पेयजल और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहें, खासकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

