मसूरी के कियाना होमस्टे मौत मामले में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

Spread the love

मसूरी, 11 जुलाई। मसूरी के टिपरीधार स्थित कियाना होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में मसूरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के अनुपालन में मुख्य आरोपी सोमयाजुला चरण को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्वी दिल्ली के मधु विहार क्षेत्र का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला, देहरादून भेजने के आदेश दिए।

गौरतलब है कि 15 जून 2026 को मसूरी-धनौल्टी मार्ग स्थित टिपरीधार के कियाना होमस्टे में ठहरी पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

मसूरी पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *