
मसूरी— मसूरी की ऐतिहासिक माल रोड पर बीते कुछ दिनों से नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे सफाई एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान के सकारात्मक परिणाम अब नजर आने लगे हैं। लाइब्रेरी बाजार के व्यापारियों ने पालिका अध्यक्ष को एक औपचारिक धन्यवाद पत्र सौंपते हुए उनके इस प्रयास की सराहना की है।
व्यापारियों ने पत्र में लिखा है कि अतिक्रमण के कारण लाइब्रेरी बाजार की पहचान “अण्डा भुट्टा बाजार” जैसे नामों से होने लगी थी, जिससे व्यवसायियों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही थी। लगातार बढ़ते फुटपाथी अतिक्रमणों के चलते दुकानों में ग्राहक कम होने लगे थे और कई व्यवसायियों को अपनी दुकानें बंद कर किराए पर देनी पड़ीं।
नगर पालिका द्वारा माल रोड को अतिक्रमण मुक्त करने की इस पहल से न केवल बाजार की सुंदरता बढ़ी है, बल्कि स्थानीय व्यापार को भी नई ऊर्जा मिली है। व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि यह कदम मसूरी की पुरानी गरिमा को फिर से स्थापित करेगा।
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, अन्य पदाधिकारियों तथा व्यापारियों ने पालिका अध्यक्ष से भेंट कर व्यक्तिगत रूप से आभार जताया और इस दिशा में भविष्य में भी ऐसे ही कार्य करते रहने का अनुरोध किया।
नगर पालिका का यह अभियान मसूरी के सौंदर्य और पर्यटन को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

