मसूरी: सेंट लारेंस हाई स्कूल में खेल शिक्षक और अंतर्राष्ट्रीय रैफरी सेमुएल चंद्र ने मसूरी का नाम एक बार फिर गौरव से ऊँचा कर दिया है। सेमुएल का चयन आगामी 23 सितंबर से 12 अक्टूबर 2025 तक केरल के कोच्ची में आयोजित होने जा रही तीन बड़ी ब्लाइंड फुटबॉल प्रतियोगिताओं — महिला ब्लाइंड फुटबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन चैम्पियनशिप (महिला एवं पुरुष) और नेशनल कप (महिला एवं पुरुष) में बतौर रैफरी हुआ है।
इस चयन से मसूरी के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है और पूरे क्षेत्र में गौरव का माहौल है। सेमुएल चंद्र ने बताया कि इन तीनों प्रतियोगिताओं के लिए एक साथ चयनित होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने मार्गदर्शक और इंडिया कोच नरेश नयाल का विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें ब्लाइंड फुटबॉल से जोड़ा और रैफरी के रूप में प्रशिक्षित किया।
सेमुएल वर्तमान में नियमित रूप से देहरादून स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विथ विजुअल डिसएबिलिटीज़ (NIEPVD) में जाकर ब्लाइंड फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस खेल के प्रति उनके समर्पण और मेहनत ने ही उन्हें यह सुनहरा अवसर दिलाया है।
उनका सपना है कि वे भविष्य में पैरालंपिक खेलों में रैफरी के रूप में भारत और मसूरी का प्रतिनिधित्व करें। कोच्ची में होने वाली ये तीन प्रतियोगिताएं उनके उस सपने की ओर पहला ठोस कदम होंगी।
सेमुएल चंद्र की इस उपलब्धि पर सेंट लारेंस हाई स्कूल समेत मसूरी के नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

