
मसूरी:पर्यटन नगरी मसूरी की ऐतिहासिक कैमल बैक रोड एक बार फिर अंधेरे में डूब गई है। नगर पालिका द्वारा स्ट्रीट लाइटों की अनदेखी के चलते यह मशहूर सड़क पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए असुरक्षित बनती जा रही है।
हर दिन सैकड़ों लोग सुबह-शाम की सैर के लिए इस रोड का रुख करते हैं, लेकिन ग्रीन रेस्टोरेंट से लेकर कैमल बैक रोड तक के रास्ते में एक भी स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही है। इससे पूरी सड़क पर अंधेरा छाया हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में जंगली जानवरों और आवारा कुत्तों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे अंधेरे में चलना जोखिम भरा हो गया है। साथ ही, सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
होटल संचालकों जैसे कि सफायर होटल के सुमित सेमवाल, ऐमरलैण्ड हाइट्स के महादेव भट्ट और पुष्प होम स्टे के सुमित जसूजा ने बताया कि सड़क पर रोशनी न होने के कारण पर्यटक असहज महसूस करते हैं और अकसर दूसरे इलाकों का रुख कर लेते हैं, जिससे उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
इस मुद्दे पर जब नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिशासी अधिकारी तनवीर सिंह मारवाहसे बात की गई, तो उन्होंने कहा कि वे इस समस्या की जानकारी अधिकारियों को दे चुके हैं और जल्द ही कैमल बैक रोड पर पथ प्रकाश की व्यवस्था ठीक कर दी जाएगी।

