मसूरी वन प्रभाग की ओर से दिनांक 31 दिसंबर 2025 को प्रभाग दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए विभाग द्वारा आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए जनमानस से संवाद स्थापित करना और उनके सुझाव प्राप्त करना रहा।
प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी श्री दिनेश प्रसाद नौडियाल ने की। उन्होंने कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है तथा विभाग इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी मसूरी रेंज श्री महेंद्र सिंह चौहान, वन दरोगा अभिषेक सजवाण, प्रभागीय एवं राजाजी कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों में राजेश सजवाण (अध्यक्ष, युवा मोर्चा भाजपा), भारत सिंह चौहान (पूर्व प्रधान एवं सभासद, लैंडौर कैंट क्षेत्र), सुरेंद्र रावत (पूर्व ग्राम प्रधान, लगड़ासू) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रभाग दिवस के दौरान उपस्थित नागरिकों ने अपनी समस्याएं साझा कीं और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिन पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

