आज मसूरी मे उप जीलाधिकारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मसूरी कचहरी को ऑनलाइन करने, पटवारी और नायब तहसीलदार की अनुपस्थिति, और माल रोड पर बढ़ती दुर्घटनाओं जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने शिकायत की कि पटवारी एवं नायब तहसीलदार के लगातार नदारद रहने से प्रमाण पत्रों जैसे जरूरी दस्तावेजों को बनवाने में भारी परेशानी हो रही है। इस पर संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश जारी किए कि अब नायब तहसीलदार सप्ताह में तीन दिन अनिवार्य रूप से मसूरी में उपस्थित रहेंगे, जिसमें गुरुवार अनिवार्य होगा। साथ ही पटवारी की भी गुरुवार को उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण विषय माल रोड के खतरनाक हिस्सों को लेकर उठाया गया, जहां ग्रीन चौक और पिक्चर पैलेस जैसे ढलान क्षेत्रों में कोबाल्ट पत्थरों के कारण दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इन स्थलों पर कई बार जान-माल का नुकसान भी हो चुका है। इस पर स्थानीय प्रतिनिधियों ने अनुरोध किया कि इन स्थानों से फिसलन भरे पत्थरों को हटाकर सीमेंट-कंक्रीट या तारकोल की सड़क बनाई जाए।
उप जिलाधिकारी महोदय ने इस विषय की गंभीरता को समझते हुए तत्काल PWD विभाग को पत्र जारी करने के निर्देश दे दिए हैं और जल्द से जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस सक्रियता की सराहना की है और आशा जताई है कि जनहित में इन सभी बिंदुओं पर शीघ्र अमल होगा।

