मसूरी नगर पालिका परिषद और स्थानीय प्रशासन को एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ई-मेल में नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यालय समेत देहरादून और दिल्ली के कई महत्वपूर्ण स्थलों पर विस्फोट की धमकी दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरे संदेश में मसूरी नगर पालिका कार्यालय में निर्धारित समय पर विस्फोट करने का दावा किया गया है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विभिन्न सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने की बात भी लिखी गई है।
बताया जा रहा है कि यह ई-मेल नगर पालिका परिषद तथा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पतों पर भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए तथा संभावित संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि उन्हें भी इस प्रकार का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। वहीं कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

