मसूरी में खाई से मिला 20-25 दिन पुराना शव, पहचान में जुटी पुलिस

Spread the love

मसूरी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लाइब्रेरी टैक्सी स्टैंड से आगे होलीडे होम गेस्ट हाउस के पास गहरी खाई में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। यह सूचना 24 अप्रैल 2026 को कोतवाली मसूरी के प्रभारी निरीक्षक को श्री प्रकाश जोशी द्वारा दी गई, जिन्होंने बताया कि बिजली के खंभे लगाने वाले मजदूरों ने खाई में शव देखा।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि शव लगभग 20 से 25 दिन पुराना है और बुरी तरह सड़-गल चुका है। प्रथम दृष्टया शव पुरुष का प्रतीत हो रहा है, जिसका ऊपरी हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा क्षत-विक्षत कर दिया गया है। सिर, गर्दन और हाथों को नुकसान पहुंचा है, वहीं मौके पर कीड़े-मकोड़े भी पाए गए।

 

खाई अत्यंत गहरी और खतरनाक होने के कारण शव को निकालने के लिए फायर सर्विस और आईटीबीपी मसूरी की मदद ली गई। संयुक्त प्रयास से शव को बाहर निकालकर बॉडी बैग में रखा गया और पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु सिविल हॉस्पिटल मसूरी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक का कद लगभग 5 फीट 4 इंच, रंग सांवला और उम्र करीब 35 वर्ष आंकी गई है। उसने नीले रंग की बेल्ट लगी जींस पहन रखी थी। तलाशी के दौरान कोई पहचान संबंधी वस्तु या दस्तावेज नहीं मिला है।

फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *