
मसूरी:पर्यटन सीजन से पहले लंढौि छावनी परिषद ने ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। 1 अप्रैल 2026 से छावनी क्षेत्र में पर्यटक वाहनों की संख्या सीमित कर दी जाएगी और रोजाना केवल 500 वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। बढ़ती भीड़ और लगातार लगने वाले जाम को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन 15 अप्रैल से एक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी शुरू करने जा रहा है, जिसके माध्यम से पर्यटकों को पहले से अपने वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। बिना रजिस्ट्रेशन किसी भी वाहन को छावनी क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, स्थानीय निवासियों को राहत देते हुए उन्हें विशेष पास जारी किए जाएंगे ताकि उनके दैनिक आवागमन पर असर न पड़े।
निर्धारित संख्या से अधिक या बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों को टिहरी-धनोल्टी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही, रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों को भी सीमित समय के लिए ही क्षेत्र में रहने की अनुमति होगी। तय समय सीमा से अधिक रुकने पर अतिरिक्त पार्किंग शुल्क देना होगा।
यदि किसी पर्यटक ने छावनी क्षेत्र में स्थित होटल या गेस्ट हाउस में बुकिंग कर रखी है, तो उसके लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य तो होगा, लेकिन यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जाएगी।
इस फैसले को लेकर स्थानीय लोगों ने भी संतोष जताया है। उनका कहना है कि हर साल पर्यटन सीजन में भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता था, ऐसे में यह निर्णय बेहद जरूरी था। लोगों का मानना है कि इस पहल से न केवल जाम से राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

