मसूरी वन प्रभाग ने अवैध मलबा डंपिंग के खिलाफ एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वन विभाग की टीम ने जंगल क्षेत्र में मलबा फेंकते हुए चार पिकअप वाहनों को मौके पर ही पकड़कर सीज कर दिया।
लगातार मिल रही शिकायतों और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के बाद प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पिकअप वाहन संख्या UK07CD4550, UK08CA6375, UK07CA9458 और UK07CB2520 को जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से मलबा डालते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह चौहान ने किया। टीम में वन दरोगा अभिषेक सजवाण, वन बीट अधिकारी राहुल, हरेंद्र सिंह, दलवीर सिंह सजवान, वाहन चालक मुलायम पयाल सहित दैनिक श्रमिक प्रदीप गैरोला, दिनेश नेगी और नरेंद्र कुमार शामिल रहे।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगलों में अवैध डंपिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

