मसूरी के प्रतिष्ठित एमपीजी कॉलेज का एक फोटो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रही इस तस्वीर में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कॉलेज परिसर के भीतर एक शख्स यूपी नंबर (UP14 DA 0048) की सफेद होंडा सिटी कार को धुल रहा है।
तस्वीर में कॉलेज का फर्श पानी से भरा दिखाई दे रहा है और व्यक्ति कार को गीले कपड़े से साफ करता नजर आ रहा है। यह दृश्य कॉलेज के शैक्षणिक माहौल पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई पूछ रहा है कि *”क्या अब एमपीजी कॉलेज को ‘कार वॉशिंग सेंटर’ कहा जाएगा?”* तो कोई कॉलेज परिसर के दुरुपयोग पर नाराजगी जता रहा है।
इस घटना ने कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। क्या शैक्षणिक संस्थानों का इस तरह गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए उपयोग उचित है? क्या यह कॉलेज नियमों का उल्लंघन नहीं है? इन सवालों के जवाब अब कॉलेज प्रशासन को देने होंगे।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस वायरल तस्वीर को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है।

