मसूरी में भारी बारिश का कहर,पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त, कई मार्गों पर यातायात ठप

Spread the love

मसूरी। बीती रात को हुई मूसलधार बारिश ने मसूरी शहर में भारी तबाही मचाई, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। केम्पटी रोड पर भूस्खलन के कारण मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे चार पहिया वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

इसी मार्ग पर एक पेड़ गिरने से एक कार को नुकसान पहुंचा है, जिसकी विंडशील्ड चकनाचूर हो गई। वहीं, जाबरखेत क्षेत्र में भी एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। कई स्थानों पर मलबा और गिरे पेड़ रास्ते में रुकावट बने हुए हैं, जिन्हें हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

इंदिरा कॉलोनी स्थित केम्पटी रोड पर भी रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

एसडीएम आनंद  ने जानकारी देते हुए बताया कि भारी बारिश के चलते दो परिवारों के घरों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं तहसीलदार के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा संबंधित विभागों को राहत और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

प्रशासन द्वारा मार्गों को शीघ्र खोलने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *