मसूरी: ITBP अकादमी में तैनात जवान ने फंदा लगाकर दी जान, पहले भी कर चुका था आत्मघाती प्रयास

Spread the love

पहाड़ों की रानी मसूरी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) अकादमी से मंगलवार को एक दुखद ख़बर सामने आई है। यहाँ ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने अपने बैरक के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की।

मृतक जवान की पहचान कांस्टेबल चेतराम मीणा (उम्र लगभग 38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले के बसवा का रहने वाला था। चेतराम ITBP की 14वीं वाहिनी पिथौरागढ़ में नियुक्त था और वर्तमान में मसूरी सेंटर में अपनी सेवाएँ दे रहा था।

खिड़की के कुंडे से लटका मिला शव

पुलिस के अनुसार, जवान ने कमरे की खिड़की के कुंडे से नायलॉन की पतली रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जाँच करते हुए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। शव को फंदे से उतारकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही और पोस्टमॉर्टम के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी भिजवा दिया गया है।

जुलाई 2025 में भी की थी कोशिश

जाँच के दौरान एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। ITBP के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि चेतराम लगभग दो महीने पहले ही पिथौरागढ़ से मसूरी ड्यूटी पर आया था। अधिकारियों के मुताबिक, यह जवान गहरे मानसिक तनाव में था और इसने इससे पूर्व जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में तैनाती के दौरान भी आत्महत्या का विफल प्रयास किया था।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जाँच कर रही है और पंचायतनामा व पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई प्रचलित है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *