देहरादून जनपद के मसूरी क्षेत्र में एक लापता युवक का शव खाई में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी 44 वर्षीय अशोक 23 मार्च को अपने घर से बिना बताए मोटरसाइकिल लेकर निकल गया था और वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने 25 मार्च को उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस और परिजन मसूरी रोड स्थित कोलूखेत क्षेत्र पहुंचे, जहां हिल व्यू कैफे के पास सड़क किनारे युवक की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। उसी रात युवक की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद 26 मार्च को मसूरी पुलिस और परिजनों ने दोबारा सर्च अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में अशोक का शव बरामद हुआ। SDRF टीम की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
परिजनों के मुताबिक, मृतक नशे का आदी था और पहले भी नशा मुक्ति केंद्र में रह चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

