मसूरी, 31 मार्च 2026 — देहरादून पुलिस के निर्देश पर कोतवाली मसूरी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश, पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मसूरी के निर्देशन में की गई।
मसूरी, जो एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, वहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मॉल रोड, लाइब्रेरी चौक, कुलड़ी, कंपनी गार्डन मार्ग, कैम्पटी रोड, लाल टिब्बा और धनोल्टी सहित कई संवेदनशील और एकांत क्षेत्रों में सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 81 पुलिस एक्ट के तहत 18 चालान किए और कुल 5,250 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला। इसके अलावा कई लोगों को मौके पर चेतावनी देकर भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने होटल और ढाबा संचालकों सहित स्थानीय व्यापारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि वे अपने आसपास इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा न दें।
कोतवाली मसूरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, पार्कों या एकांत जगहों पर शराब पीना कानूनन अपराध है। आगे भी यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसे अभियान भविष्य में लगातार जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और पर्यटन की गरिमा सुरक्षित रह सके।

