देहरादून जनपद के मसूरी क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 18 मार्च 2026 से एक माह तक विशेष ऑपरेशन क्रैक डाउन – सत्यापन अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत कोतवाली मसूरी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की, साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मकान मालिकों, होटल एवं होम-स्टे संचालकों और स्थानीय लोगों को किरायेदारों, कर्मचारियों तथा बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया। जिन लोगों ने सत्यापन नहीं कराया, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
अभियान के दौरान कुल 22 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत एक चालान कर 10,000 रुपये का जुर्माना न्यायालय भेजा गया, जबकि धारा 81 के तहत 5 चालान कर 1,500 रुपये मौके पर वसूले गए। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम के तहत 22 चालान कर कुल 13,500 रुपये वसूले गए और 2 चालान न्यायालय भेजे गए। 20 चालान नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ किए गए।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान क्षेत्र में अपराध की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे अपने यहां रह रहे किरायेदारों और कर्मचारियों का समय पर सत्यापन कराएं और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

