मसूरी–देहरादून रोड पर मसूरी झील से लगभग 500 मीटर आगे देहरादून की दिशा में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना डायल 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली, जिसके बाद थाना कोतवाली मसूरी पुलिस तत्काल आपदा उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही फायर सर्विस और एसडीआरएफ टीम को भी सूचित किया गया।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि वाहन संख्या UK-07-TE-0854 (मारुति एर्टिगा) सड़क से करीब 500 फीट नीचे खाई में गिरा हुआ है। जानकारी के अनुसार वाहन चालक नेहाल (26 वर्ष), पुत्र सुभाष, निवासी ग्राम रामपुर कला, थाना सहसपुर, तहसील विकासनगर, जनपद देहरादून, देहरादून से मसूरी की ओर जा रहा था। मसूरी झील के समीप वाहन अनियंत्रित होने पर चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गया।
पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पास से चालक का मोबाइल फोन और कपड़ों से भरा बैग बरामद हुआ, जिन्हें सुरक्षित थाने लाकर चालक को सौंप दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

