आज सुबह नगर में सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने पालिका द्वारा अनुबंधित संस्था लॉर्ड शिवा को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई। बढ़ते माहौल को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने तुरंत पहल की।
स्थिति को गंभीर होते देख नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने पालिका परिषद कार्यालय में तत्काल बैठक बुलाई। बैठक में सफाई कर्मियों, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कर्मचारियों, वाहन चालकों, हेल्परों और सुपरवाइजरों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं।
वार्ता के दौरान वेतन, कार्य व्यवस्था, अनुबंध संबंधी मुद्दों और कार्यस्थल की परेशानियों सहित तमाम शर्तों पर विस्तार से चर्चा हुई। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं वाहन चालकों से जुड़े कई मुद्दों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं सुपरवाइजरों की मांगों पर संबंधित फर्म के प्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया।अध्यक्ष ने कर्मियों से अपील की कि वे नगर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित न होने दें और पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्य पर लौटें।

