भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और एनडीएमए के सचेत पोर्टल द्वारा जारी ताज़ा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 24 जनवरी 2026 को जनपद देहरादून में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कुछ क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम की गंभीर स्थिति और संभावित आपदा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, गैर-शासकीय और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 24 जनवरी 2026 को बंद रहेंगे।
प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

