पहाड़ों की रानी मसूरी के लंढौर बाजार इलाके में स्थित एक होटल के बंद कमरे में मंगलवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान देहरादून निवासी के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से मसूरी में ही कार्यरत था। पुलिस को मौके से नशे की सामग्री बरामद हुई है।
दरवाजा तोड़कर देखा तो उड़ गए होश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना लंढौर बाजार स्थित ‘होटल निसीमा’ की है। मंगलवार सुबह जब होटल का सफाई कर्मचारी रूटीन काम के लिए पहुँचा और कमरा नंबर-08 का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। किसी अनहोनी की आशंका के चलते जब दरवाजा धक्का देकर खोला गया, तो अंदर का दृश्य विचलित करने वाला था। कमरे में रह रहा व्यक्ति, नमित पंत, अत्यंत मरणासन्न अवस्था में पड़ा था और उसे खून की उल्टियाँ हो रही थीं।
आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने 108 आपातकालीन सेवा को सूचित किया, लेकिन दुर्भाग्यवश एम्बुलेंस पहुँचने से पहले ही नमित ने दम तोड़ दिया।
वेतन मिलने के बाद से था लापता
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुँचा। मृतक की पहचान नमित पंत उर्फ नवनीत (उम्र लगभग 48 वर्ष), निवासी 05 दिलाराम बाजार, राजपुर रोड, देहरादून के रूप में हुई। जाँच में पता चला कि नमित पिछले एक वर्ष से ‘लंढौर बुक सेलर’ के यहाँ काम करता था और इसी होटल में किराये पर रह रहा था।
अहम जानकारी यह सामने आई है कि नमित को बीते 8 फरवरी को वेतन मिला था, जिसके बाद से ही वह काम पर नहीं जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वेतन मिलने के बाद से वह लगातार अपने कमरे में ही था।
कमरे में बिखरा था नशा
पुलिस द्वारा कमरे की सघन तलाशी ली गई, जिसमें शराब की कई खाली बोतलें और गुटखे के खाली पाउच व डिब्बे बरामद हुए हैं। प्रथम दृष्टया मामला अत्यधिक नशे के सेवन से जुड़ी स्वास्थ्य बिगड़ने का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मसूरी भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को दुखद सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सकेगा। नियमानुसार विधिक कार्यवाही जारी है।

