चैत्र नवरात्रि पर कन्या पूजन के साथ नववर्ष का भव्य स्वागत

Spread the love

 

मसूरी में नव वर्ष के शुभ अवसर पर संस्था शुभ मंगलम (कन्यादान महादान) द्वारा चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। विक्रम संवत 2083 के आगमन पर आयोजित इस कार्यक्रम में 101 कन्याओं और 31 लंगूरों का विधि-विधान से पूजन किया गया।

पूजन के दौरान सभी कन्याओं को कलावा और तिलक लगाकर चुनरी ओढ़ाई गई, वहीं लंगूरों को रुमाल भेंट किए गए। इसके साथ ही प्रसाद, फल एवं दक्षिणा का वितरण किया गया। पूरे वातावरण में “जय माता रानी” के जयकारों के साथ भक्ति का माहौल बना रहा और माता रानी की आरती भी संपन्न हुई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को यह भी बताया गया कि हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्रि का पहला दिन ही नववर्ष का आरंभ होता है। यह आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में प्रधानाचार्य मनोज जी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

संस्था की सदस्य रेणु अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम पिछले 5 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और नववर्ष के स्वागत की शुरुआत कन्या पूजन से की जाती है। संस्था द्वारा अब तक 67 कन्याओं के परिवारों को विवाह योग्य सामग्री प्रदान की जा चुकी है, तथा आगामी अप्रैल माह में तीन और कन्याओं के परिवारों को सहयोग देने की तैयारी है।

इस अवसर पर रेणु अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, रेनू वाही, सरोज जैन, सारिका अग्रवाल, राशी अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *